सोने-चांदी की कीमतों में बड़ा उलटफेर! 4 लाख से सीधे 2.44 लाख पर आई चांदी, क्या खरीदारी का है सही समय?

सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में आज मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। जहां रिटेल मार्केट में सोने की प्रति ग्राम कीमत में 30 रुपये की गिरावट आई है, वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। शुक्रवार को बाजार खुलते ही चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल आया और यह 2.44 लाख रुपये प्रति किलो के पार निकल गई।

आज क्या है सोने-चांदी का भाव? (20 फरवरी, 2026): आज रिटेल मार्केट में 22 कैरेट सोने की कीमत 14,315 रुपये प्रति ग्राम है। वहीं, 24 कैरेट सोना 15,617 रुपये और 18 कैरेट सोना 11,713 रुपये प्रति ग्राम पर मिल रहा है (GST अतिरिक्त)। चांदी की कीमत 2.70 लाख रुपये प्रति किलो है।

MCX पर जबरदस्त उछाल: शुक्रवार को MCX पर चांदी का भाव 244,802 रुपये प्रति किलो पर खुला, जो पिछले बंद भाव से 3,409 रुपये ज्यादा है। पिछले दो दिनों में चांदी की कीमतों में 16,019 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी हुई है। सोने की बात करें तो 10 ग्राम सोने की कीमत में 567 रुपये की तेजी आई है और यह 1,55,386 रुपये पर कारोबार कर रहा है।

ऑल-टाइम हाई से अब भी सस्ता: बता दें कि 29 जनवरी को चांदी 4.20 लाख रुपये के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई थी, जिसके मुकाबले यह अब भी 1.75 लाख रुपये सस्ती मिल रही है। वहीं सोना भी अपने उच्चतम स्तर 1.93 लाख रुपये (प्रति 10 ग्राम) से करीब 37,710 रुपये सस्ता है।